Breaking News

6/recent/ticker-posts

पहली बार जिले में प्रधान फोरम का गठन, दिनेश सुंडा चुने गए अध्यक्ष pradan sangh ka gathan

जल्द ही समस्याओं के समाधान को लेकर सीएम से मिलेंगे जिले के प्रधान
झुंझुनूं. जिले में पहली बार पंचायत समिति प्रधानों की फोरम का गठन किया गया है। जिसके पहले अध्यक्ष नवलगढ़ प्रधान दिनेश सुंडा निर्विरोध निर्वाचित हुए है। सिंघाना में हुई बैठक में जिले की 11 में से आठ पंचायत समितियों के प्रधान मौजूद थे। बैठक में गैर मौजूद शेष प्रधानों से खेतड़ी प्रधान मनीषा गुर्जर ने फोन पर चर्चा की और उसके बाद दिनेश सुंडा को सर्वसम्मति से जिले की पहली प्रधान फोरम का अध्यक्ष चुना गया। इस मौके पर सभी प्रधानों ने अपनी अपनी बात रखी और कहा कि आज भी पंचायतराज को और मजबूत करने की जरूरत है। जिसके लिए निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को और शक्तियां दी जानी चाहिए। अपने निर्वाचन के बाद प्रधान दिनेश सुंडा ने सभी का आभार जताया और कहा कि वे झुंझुनूं जिले के प्रधानों व अन्य ग्रामीण जनप्रतिनिधियों के सम्मान के लिए ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में केवल जिला प्रमुख, प्रधान और सरपंचों को मानदेय दिया जा रहा है। जो नाम मात्र का है। वहीं सालों से इनका मानदेय नहीं बढाया गया है। इस मानदेय को बढाने के साथ—साथ पंचों, पंचायत समिति सदस्यों तथा जिला परिषद सदस्यों का भी मानदेय शुरू करने की मांग की जाएगी। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में सर्वाधिक समस्या सामने आई कि पंचायत समितियों को मेडिकल उपकरण खरीद के पॉवर नहीं है। 
इसलिए मेडिकल उपकरण के खरीद के पॉवर देने की मांग भी सरकार से की जाएगी। इन सभी मांगों के अलावा आपात स्थिति में पंचायत समिति के प्रधान को 25 हजार रूपए तक की स्वीकृति जारी करने के अधिकार है। जिसे पांच लाख रूपए तक का करने की मांग की जाएगी। इसे लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की जाएगी। इस मौके पर सिंघाना सरपंच ईश्वर पांडे समेत अन्य सरपंचों ने सुंडा का स्वागत किया। बैठक में उदयपुरवाटी प्रधान माया गुर्जर, सूरजगढ़ बलवानसिंह, बुहाना प्रधान हरिकृष्ण यादव, मंडावा प्रधान शारदा देवठिया, खेतड़ी प्रधान मनीषा गुर्जर, चिड़ावा प्रधान इंद्रा डूडी, सिंघाना प्रधान सोनू आदि मौजूद थे। प्रधान फोरम का संरक्षक पूर्व प्रधान हरपालसिंह को चुना गया।
हर प्रधान ने लिया 1—1 लाख पौधे लगाने का संकल्प

बैठक में प्रधान दिनेश सुंडा ने जिले में चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान की जानकारी और इसमें सहयोग की अपील की। जिस पर हर पंचायत समिति प्रधान ने एक—एक लाख पौधे अपने ब्लॉक में लगाने का विश्वास दिलाया।

बड़ का पेड़ देकर अभियान किया शुरू

गुरूवार को बड़ अमावस्या होने के चलते प्रधान दिनेश सुंडा ने सभी प्रधानों को प्रतीक स्वरूप बड़ का पेड़ दिया और सांकेतिक रूप से हर ब्लॉक में पौधारोपण अभियान का श्रीगणेश किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ